सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस को दिया चैलेंज, इंदौर में उतारे ऐसा उम्मीदवार
सुमित्रा महाजन ने कहा की अच्छा उम्मीदवार लड़े तो उन्हें भी आनंद आएगा, इसलिए कांग्रेस पार्टी अच्छा उम्मीदवार ढूंढ ले
मध्य प्रदेश की बहुचर्चित इंदौर लोकसभा सीट से आठ बार की सांसद लोकसभा स्पीकर और बीजेपी की दिग्गज नेता सुमित्रा महाजन ने कांग्रेस पार्टी को उनके खिलाफ बेहतर उम्मीदवार खोजने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि अच्छा उम्मीदवार लड़े तो उन्हें भी आनंद आएगा, इसलिए कांग्रेस पार्टी बेहतर उम्मीदवार ढूंढ ले.
दरअसल, इंदौर सीट से इस बार ऐसी सुगबुगाहटें हैं कि कांग्रेस किसी बड़े नेता को उम्मीवार के रूप में उतारने की तैयारी में है. इसी बीच सुमित्रा महाजन ने चुनाव तैयारी को लेकर भी कहा कि हमारी तैयारी चल रही है माहौल हमारे पक्ष में है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की विदेश में भारत की साख के साथ धाक जमाई है.
इसके अलावा उन्होंने अपनी सुरक्षा लौटाने पर सीएम कमलनाथ के आए फोन पर कहा कि मुख्यमंत्री ने पूछा आप क्यों प्रोटोकॉल लौटाना चाहती हैं तो मैंने कहा कि इंदौर शांत और सुरक्षित शहर है इसलिए यहां सुरक्षा की जरूरत नहीं है.
गौरतलब है कि इंदौर लोकसभा सीट को लेकर बीजेपी और कांग्रेस दोनों में खींचतान चल रही है. एक ओर जहां बीजेपी में ही कुछ स्थानीय नेता दबे स्वर में इस बार सुमित्रा महाजन का विरोध कर रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर कांग्रेस इस बार टक्कर देने के मूड में है और किसी बड़े नेता को वहां से उम्मीदवार बनाने की तैयारी में है.
